
भोपाल/नई दिल्ली.पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा भाजपा पर लगाए गए हॉर्स ट्रेडिंग के आरोपों पर मंगलवार सुबह से लेकर देर रात 1 बजे तक बड़ा सियासी घमासान छिड़ा रहा। दरअसल, सुबह दिग्विजय ने ट्वीट कर आरोप लगाया कि भाजपा नेता भूपेंद्र सिंह बसपा विधायक रामबाई को अपने साथ चार्टर्ड प्लेन से दिल्ली आए हैं। हालांकि रामबाई के पति गोविंद ने दिग्विजय के आरोपों का खंडन किया और कहा- रामबाई अपनी बेटी से मिलने दिल्ली गई हैं। लेकिन, शाम को अचानक भाजपा उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्रीशिवराज सिंह चौहान दिल्ली चले गए। दिग्विजय भी दिल्ली में हैं। इससे सियासी पारा और चढ़ गया।
देर रात खबर आई कि भाजपा ने दो निर्दलीय विधायक, बसपा विधायक रामबाई और करीब 6 कांग्रेसी विधायकों को गुड़गांव के आईटीसी मराठा होटल में एकत्रित किया है। इसके बाद भोपाल से दो कांग्रेसी मंत्री जीतू पटवारी और जयवर्धन सिंह को दिल्ली भेजा गया। पटवारी ने भास्कर को बताया कि जब तक हम होटल पहुंचते, तब तक सभी विधायक होटल से किसी अज्ञात स्थान पर ले जाए जा चुके थे। सिर्फ रामबाई होटल के बाहर मिलीं। अपुष्ट सूत्रों ने बताया कि विधायकों को दिल्ली के मौर्या सैरेटन होटल में रखा गया है।
देर रात कुछ विधायक होटल से निकलते दिखे
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, रात करीब 2 बजे कुछ विधायक होटल से अपना सामान लेकर बाहर निकलते दिखे। दिग्विजय ने कहा, ''भाजपा नेता रामपाल सिंह, नरोत्तम मिश्रा, अरविंद भदौरिया, संजय पाठक विधायकों को पैसे बांटने के लिए जा रहे थे। मुझे लगता है कि होटल में 10-11 विधायक होंगे। सिर्फ 4 उनके (भाजपा) साथ हैं। हमारे लोगबिसाहूलाल सिंह और रमाबाई के संपर्क में हैं। दोनों लौटना चाहते थे, लेकिन भाजपा ने उन्हें रोक दिया। कांग्रेस आज इस मुद्दे पर प्रेस कॉन्फेंस करेगी।''
इन विधायकों के होटल में होने की पुष्टि
- रामबाई(बसपा) पथरिया
- बिसाहूलाल (कांग्रेस) अनूपपुर
- हरदीप सिंह(कांग्रेस) सुवासरा
- सुरेंद्र सिंह शेरा(निर्दलीय)
- संजीव कुशवाह(बसपा) भिंड
- ऐंदल सिंह कंसाना(कांग्रेस) सुमावली
हमारे विधायकों को भाजपा ने बंधक बनाया, हमें भरोसा है कि सुबह सभी घर लौट आएंगे:दिग्विजय
दिग्विजय दिल्ली में ही हैं। उन्हें जब विधायकों को होटल में एकत्रित करने की खबर मिली, तो वह भी होटल आईटीसी मराठा पहुंचे। लेकिन यहां उन्हें कोई नहीं मिला। दिग्विजय ने भास्कर से बातचीत में बताया कि विधायक बिसाहू लाल साहू, रामबाई, कांग्रेसी हरदीप सिंह डंग, निर्दलीय विधायक सुरेंद्र सिंह को भाजपा ने बंधक बना लिया है। ये सभी होटल में हैं और मुझे होटल में नहीं जाने दिया जा रहा। हालांकि मेरी सभी विधायकों से बात हो गई है, वो सुबह सभी साथ आ जाएंगे।सीएम कमलनाथ भी देर रात तक दिल्ली में मौजूद विधायकों से संपर्क साधने की कोशिश करते रहे।
शाम से रात तक ऐसे चढ़ा सियासी पारा
- शिवराज शाम को दिल्ली चले गए, वहां भूपेंद्र और नरोत्तम पहले से ही थे
- गुड़गांव के एक होटल में करीब 9 विधायकों को भाजपा ने रुकवाया था
- भनक लगते ही मंत्री जीतू पटवारी और जयवर्धन दिल्ली रवाना हुए
- जब तक दोनों होटल पहुंचे, सभी विधायक कहीं और भेज दिए गए
- पटवारी ने भास्कर को बताया- उन्हें होटल के बाहर सिर्फ रामबाई मिलीं
- दिग्विजय ने बताया- 5 विधायकों को होटल में बंधक बना लिया है
भाजपा नेता खामोश... सभी विधायकों के फोन स्विच ऑफ मिले
होटल में मौजूद विधायकों को भास्कर ने जब फोन लगाया, तो सभी के फोन स्विच ऑफ मिले। भाजपा नेताओं ने भी पूरे घटनाक्रम पर मौन साध लिया है। सूत्रों ने बताया कि होटल में सपा विधायक राजेश शुक्ला, गोहद विधायक रणवीर जाटव, गिर्राज दंडौतिया, संजीव कुशवाहा भी हैं। हालांकि दिग्विजय ने इनके नामों की पुष्टि नहीं की।
दिग्विजय से कमलनाथ सहमत, विधायकों से कहा है- फोकट का पैसा मिल रहा तो ले लो
भाजपा डरी हुई है क्योंकि आने वाले समय में उसके 15 साल के घाेटालों का खुलासा होना है। मुझे तो कांग्रेस विधायक खुद बता रहे हैं कि उन्हें कितने पैसों का ऑफर दिया जा रहा है।
सिंधिया: हॉर्स ट्रेडिंग की जानकारी नहीं
हॉर्स ट्रेडिंग पर ग्वालियर में कांग्रेस महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा- मुझे कोई जानकारी नहीं है। न ही मेरे सामने कोई तथ्य आए हैं।
भार्गव: ये कांग्रेस का अंतर्विरोध है
भाजपा नेता गोपाल भार्गव बोले- कांग्रेस के तीन अंग हैं, उनमें एक अंग कह रहा है मुझे कोई जानकारी नहीं है। यह कांग्रेस का अंतर्विरोध है।
बैजनाथ बोले- मुझे मिला ऑफर
सबलगढ़ से विधायक बैजनाथ कुशवाह ने कहा- मुझे भाजपा ने ऑफर दिया है। इसकी रिकॉर्डिंग है। उन्होंने मंत्री गोविंद सिंह से भी मुलाकात की। दमोह विधायक राहुल सिंह ने कहा- मुझे भी ऑफर मिला।
बैठक से त्रिपाठी-कोल गायब
क्रॉस वोटिंग कर चौंका चुके भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी व शरद कोल ने फिर पार्टी को संशय में डाला है। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने रीवा, शहडोल संभाग के विधायकों की बैठक बुलाई थी, इसमें से दोनों विधायक नदारद रहे।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/32NvKhP
0 Comments:
Post a Comment