
नई दिल्ली. कांग्रेस पार्टी शनिवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार के खिलाफ भारत बचाओ रैली आयोजित करेगी। इस रैली को सफल बनाने के लिए पार्टी कोई कसर बाकी नहीं रखना चाहती है। सूत्रों के मुताबिक, रैली के लिए देशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचेंगे।
सूत्रों ने बताया कि इस रैली में कांग्रेस का फोकस राहुल गांधी पर होगा। रैली में गिरती अर्थव्यवस्था, बढ़ती बेरोजगारी समेत किसानों की समस्याओं जैसे मुद्दों को उठाकर मोदी सरकार को घेरने का प्रयास किया जाएगा। पार्टी की योजना रैली में ज्यादा से ज्यादा लोगों को शामिल करके प्रधानमंत्री मोदी सरकार को मजबूत संदेश देना है।
सरकार की आर्थिक नीतियों की आलोचना होगी: सूत्र
सूत्रों ने बताया कि रैली में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह समेत पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। रैली में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता आर्थिक मंदी पर मोदी सरकार को घेरते दिखेंगे। पार्टी के वरिष्ठ नेता सरकार की आर्थिक नीतियों पर निशाना साधेंगे। रैली का फोकस मोदी सरकार पर पुरजोर हमला करना है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस कार्यकर्ताओं का नारा ‘मोदी है तो मंदी है’ होगा।
रैली के जरिएराहुल के लिए माहौल बनाने की कोशिश: सूत्र
सूत्रों के मुताबिक, टीम राहुल की कोशिश है कि रैली में एक बार फिर राहुल को प्रोजेक्ट किया जा सके। राहुल को लेकर माहौल तैयार किया जा सके। लोकसभा चुनाव 2019 में कांग्रेस की हार के बाद राहुल गांधी ने पार्टी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। ऐसी संभावनाएं भी हैं कि रैली में राहुल गांधी को एक बार फिर पार्टी अध्यक्ष बनाने की मांग उठे।
कार्यकर्ता बड़ी संख्या में राहुल का मास्क लगाकर पहुंचेंगे: सूत्र
पार्टी के नेता ने न्यूज एजेंसी को बताया कि रैली में कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में राहुल गांधी का मास्क लगाए दिखेंगे। यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई रैली में पूरी तरह से राहुल का समर्थन करते दिखेंगी। कार्यकर्ताओं के हाथ में बैनर, पोस्टर, झंडे होंगे, जो पार्टी नेतृत्व के लिए राहुल के पक्ष में माहौल तैयार करेंगे।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
from Dainik Bhaskar /national/news/congress-news-updates-rahul-gandhi-in-focus-of-congress-bharat-bachao-rally-126279547.html
0 Comments:
Post a Comment